वाशी में सनसनीखेज हत्या!
बेटे ने 65 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या की, सिर फर्श पर पटका
नवी मुंबई । वाशी सेक्टर-11 स्थित अष्टविनायक सोसायटी में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर अपनी 65 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद वाशी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नंदा रळकर कदम (65) की हत्या उनके ही बेटे महेश रळकर कदम (42) ने की। दोनों वाशी के सेक्टर-11 स्थित अष्टविनायक सोसायटी में रहते थे।
मां के व्यवहार से नाराज था आरोपी!
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी मां से नाराज था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आरोप था कि उसकी मां उसकी पत्नी को पर्याप्त महत्व नहीं देती थी और केवल अपनी बेटी का पक्ष लेती थी। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में काफी गुस्सा था।9 अगस्त की शाम करीब 6 बजे से रात 9:50 बजे के बीच घर में विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने अपनी मां का गला दबाया और फिर उनका सिर फर्श पर पटक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।घटना के बाद 10 अगस्त की सुबह करीब 3:34 बजे वाशी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुबह करीब 4:50 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।मामला BNS की धारा 103(1) के तहत दर्ज किया गया है। घटना की जांच वाशी पुलिस कर रही है। वाशी में मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित करने वाली इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
