CBG और वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट के विरोध में नवी मुंबईकर आक्रामक; ‘स्वास्थ्य और भविष्य की लड़ाई’ का शिवसेना का ऐलान
नवी मुंबई: तुर्भे स्टोर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा प्रस्तावित CBG (कम्प्रेस्ड बायो गैस) और वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट के खिलाफ तुर्भे के नागरिकों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। शुक्रवार (7 अगस्त) को तुर्भे शिवसेना शाखा क्रमांक-1 में शिवसेना के उपजिल्हाप्रमुख एवं वरिष्ठ नगरसेवक सुरेश कुलकर्णी की प्रमुख उपस्थिति में नागरिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों ने प्रस्तावित परियोजना का तीव्र विरोध करते हुए मांग की कि इस प्रोजेक्ट को घनी आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर किसी दूरस्थ स्थान पर स्थापित किया जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग नहीं मानी तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर सुरेश कुलकर्णी ने कहा, “हमारा CBG या वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट से सिद्धांततः कोई विरोध नहीं है, लेकिन घनी आबादी के बीच ऐसा प्रोजेक्ट स्थापित कर नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। हमारी स्पष्ट मांग है कि इस परियोजना को आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए। नागरिकों में यह भावना है कि कुछ लोगों के दबाव में प्रशासन इस परियोजना को यहां लागू करना चाहता है। यदि ऐसा हुआ तो हम तुर्भेकरों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।बैठक में उपस्थित नागरिकों ने पर्यावरण, वायु प्रदूषण, दुर्गंध और भविष्य में स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। साथ ही तुर्भेकरों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प भी लिया।
