पीजीआई विस्तार से हाइड्रोजन ट्रेन तक, चंडीगढ़ से पीएम मोदी ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी 4,700 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत के लिए विकास का मॉडल है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने हमेशा चंडीगढ़ के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है।
चंडीगढ़ को बताया विकास और बेहतर जीवनशैली का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ व्यवस्थित विकास, बेहतर जीवनशैली, चिकित्सा सुविधाओं और ईज ऑफ लिविंग के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता लागू करने की शुरुआत भी चंडीगढ़ से हुई थी, जो न्याय आधारित कानूनी व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम था।
4,700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की मिली सौगात
पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी 4,700 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें पीजीआई चंडीगढ़ में एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर, एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का विस्तार, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और सरकारी कॉलेजों में छात्रावास परियोजनाएं तथा आईटी सिटी-कुराली छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे समेत कई कनेक्टिविटी परियोजनाएं शामिल हैं।
पीजीआई के विस्तार से लाखों मरीजों को मिलेगा लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ पूरे उत्तर भारत के लिए चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य ढांचे के तैयार होने से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ सहित पूरे क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने पीजीआई के प्रबंधन, प्रोफेसरों और युवा चिकित्सकों के योगदान की भी सराहना की।
स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियां गिनाईं
पीएम मोदी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में करोड़ों शौचालय बनाए गए, खुले में शौच से मुक्ति मिली और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया गया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ स्वच्छ भारत रैंकिंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करता रहा है।
‘ब्रूम वॉरियर’ इंदरजीत सिंह सिद्धू की सराहना
प्रधानमंत्री ने चंडीगढ़ के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ‘ब्रूम वॉरियर’ के रूप में स्वच्छता के प्रति लोगों में नई जागरूकता पैदा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें इस वर्ष पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव का किया उल्लेख
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के स्वास्थ्य ढांचे का व्यापक विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद 15 नए एम्स को मंजूरी दी गई, सैकड़ों मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए और कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेष अस्पतालों का विस्तार किया गया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और ई-संजीवनी जैसी पहल से स्वास्थ्य सेवाएं आम लोगों तक पहुंची हैं।
टीबी मुक्त भारत और निवारक स्वास्थ्य पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार उपचार के साथ-साथ निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान, मिशन इंद्रधनुष, योग, एचपीवी वैक्सीनेशन, यू-विन प्लेटफॉर्म और टीबी मुक्त भारत अभियान के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि देश में टीबी उपचार कवरेज 90% से अधिक हो चुका है और संक्रमण के मामलों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस तथा पीजी सीटों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पीजीआई चंडीगढ़ में एमबीबीएस कॉलेज को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश के प्रमुख संस्थान में अध्ययन का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के शिक्षा और शोध संस्थान भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, हेल्थकेयर, स्टार्टअप और डीप-टेक के बड़े केंद्र बन सकते हैं।
कनेक्टिविटी से उद्योग और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आईटी सिटी से कुराली तक छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे और अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे से जुड़े नए संपर्क मार्ग जैसी परियोजनाओं से यातायात सुगम होगा और उद्योग एवं कारोबार को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जालंधर में रेलवे परियोजनाओं तथा जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भी क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगी।
विकसित भारत के लिए आधुनिक सोच जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए भविष्य की तकनीक, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं पर निरंतर निवेश जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई विकास परियोजनाएं चंडीगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और जीवन स्तर को नई ऊंचाई देंगी।
