नवी मुंबई ब्रेकिंग
नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-11 में इमारत का हिस्सा गिरा, राहगीर की मौत; जर्जर इमारतों का मुद्दा फिर चर्चा में
नवी मुंबई। वाशी सेक्टर-11 स्थित जुहूगांव में शिवसेना शाखा के पास अपना ढाबा परिसर में सड़क किनारे स्थित एक पुरानी इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में सड़क से गुजर रहे एक 35 वर्षीय राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गीता आर्केड नामक चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे से निकली लोहे की रॉड राहगीर के सिर में घुस गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान राजेश शेट्टी (35) के तौर पर हुई है दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद नवी मुंबई में जर्जर और खतरनाक इमारतों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
