छह मंजिला इमारत का स्लैब गिरा; 39 वर्षीय सुरेश लोखंडे की मौत, 12 वर्षीय बेटी घायल
नवी मुंबई के कामोठे सेक्टर-10 में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। साई सिद्धि सोसायटी के एक फ्लैट के बेडरूम का स्लैब अचानक गिरने से 39 वर्षीय सुरेश लोखंडे की मौत हो गई, जबकि उनकी 12 वर्षीय बेटी वेदिका लोखंडे घायल हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और इमारत की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
कामोठे सेक्टर-10, प्लॉट नंबर 61 स्थित छह मंजिला साई सिद्धि सोसायटी के फ्लैट नंबर 101 में सुरेश लोखंडे अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे सुरेश लोखंडे और उनकी बेटी वेदिका बेडरूम में सो रहे थे, तभी अचानक कमरे की छत का स्लैब का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया।
हादसे में स्लैब का बड़ा हिस्सा सुरेश लोखंडे के सीने और शरीर पर गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्लैब का कुछ हिस्सा उनकी बेटी वेदिका पर भी गिरा, जिससे वह घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी के लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश लोखंडे को मृत घोषित कर दिया। घायल वेदिका लोखंडे का कामोठे स्थित एमजीएम अस्पताल में उपचार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे से लोखंडे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं स्थानीय लोगों ने इमारत की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संबंधित एजेंसियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
