ऐरोली के राजमाता जिजाऊ अस्पताल में इंजेक्शन के बाद गर्भवती महिला की मौत, दूसरी की हालत गंभीर; निष्पक्ष जांच की मांग
नवी मुंबई |
नवी मुंबई के ऐरोली स्थित राजमाता जिजाऊ अस्पताल में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आठ माह की गर्भवती सोनम डोंगरे (21 वर्ष) और ऋचा मिश्रा (26 वर्ष) को डेक्सामेथासोन इंजेक्शन लगाए जाने के बाद दोनों को गंभीर एनाफिलैक्सिस (तीव्र एलर्जिक प्रतिक्रिया) होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद दोनों को तत्काल वाशी स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका अस्पताल में रेफर किया गया।
इलाज के दौरान सोनम डोंगरे की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि ऋचा मिश्रा की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
एक ही प्रकार का इंजेक्शन दिए जाने के बाद लगभग एक ही समय में दो गर्भवती महिलाओं को इतनी गंभीर प्रतिक्रिया कैसे हुई, इसको लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में संबंधित दवा के बैच, उसकी गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, इंजेक्शन देने की प्रक्रिया तथा आपातकालीन उपचार व्यवस्था की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
राजमाता जिजाऊ अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. माधवी इंगले तथा संबंधित अधिकारियों से इस पूरी घटना पर विस्तृत स्पष्टीकरण देने की मांग की गई है। साथ ही, मौत और दूसरी महिला की गंभीर स्थिति के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठ रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
