खारघर में पानी संकट पर बवाल, बिल्डर पर महिलाओं पर डिफेंडर चढ़ाने की कोशिश का आरोप; कार्यालय का घेराव
नवी मुंबई।खारघर स्थित अरिहंत ग्रुप के एक हाउसिंग प्रोजेक्ट में लंबे समय से जारी पानी की समस्या को लेकर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार बाधित जलापूर्ति से परेशान महिला रहवासियों ने बिल्डर के कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान रहवासियों और प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई।
प्रदर्शन के दौरान अरिहंत ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष अशोक छाजेर पर महिलाओं के ऊपर डिफेंडर वाहन चढ़ाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। रहवासियों ने पानी की समस्या का तत्काल समाधान करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और बिल्डर पक्ष की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
