‘वन हेल्थ के लिए मिलेट्स’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन, जम्मू-कश्मीर में सतत खाद्य प्रणाली पर जोर
जम्मू/श्रीनगर:
‘वन हेल्थ के लिए मिलेट्स’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र में सतत और स्वस्थ खाद्य प्रणाली को लेकर व्यापक चर्चा देखने को मिली। दो दिनों तक जम्मू और श्रीनगर में चले इस आयोजन में किसानों, वैज्ञानिकों, शेफ, डॉक्टरों, छात्रों और नीति-निर्माताओं ने मिलकर मिलेट्स (श्री अन्न) के महत्व और संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने मिलेट्स को जलवायु के अनुकूल, पोषण से भरपूर और किसानों के लिए लाभकारी फसल बताया। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम और स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच मिलेट्स एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रहे हैं, जो न केवल पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं बल्कि कृषि क्षेत्र को भी सशक्त बनाते हैं।
समापन अवसर पर आयोजित ‘मिलेट डिनर’ स्वाद, स्वास्थ्य और परंपरा का अनूठा संगम रहा, जिसमें विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से मिलेट्स की विविधता और उपयोगिता को प्रदर्शित किया गया।
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि जम्मू-कश्मीर मिलेट्स को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। इससे न केवल किसानों को मजबूती मिलेगी, बल्कि महिलाओं और युवा उद्यमियों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, यह पहल समाज के हर वर्ग के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
