तुर्भे रेलवे स्टेशन के पास युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी के मायके जाने से था परेशान
नवी मुंबई।नवी मुंबई के तुर्भे रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के खंभे से लटककर एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान अजय उर्फ बाबू प्रभु जाधव के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय की लगभग 14 साल पहले शादी हुई थी। सूत्रों की माने तो पत्नी के मायके में होने के कारण वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान और निराश था। घटना से पहले उसने अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों को फोन किया और उसके बाद फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाशी जीआरपी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
