रेलवे अलर्ट मोड में, यात्रियों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 139 पर देने की अपील

हाल में रेलवे को निशाना बनाकर की गई घटनाओं के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि स्टेशन परिसर या यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रेल मंत्री ने की उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक
नई दिल्ली स्थित रेल भवन में आयोजित उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता अश्विनी वैष्णव ने की। बैठक में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, रवनीत सिंह बिट्टू और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सहित देशभर के फील्ड अधिकारी मौजूद रहे।
आगजनी की घटनाओं में असामाजिक तत्वों की भूमिका
रेल मंत्रालय के अनुसार हाल में हुई कुछ आगजनी की घटनाओं समेत कई मामलों की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल इन मामलों की सक्रिय जांच कर रहा है। रेलवे ने कहा कि कई मामलों में समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को टालने में सफलता मिली है।
एआई, ड्रोन और सीसीटीवी से बढ़ाई जा रही सुरक्षा
रेल मंत्रालय ने बताया कि रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा मजबूत करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन और सीसीटीवी जैसी आधुनिक तकनीकों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके तहत रेलवे सुरक्षा बल के बीट स्तर तक खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। बैठक में रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, कैमरों की गुणवत्ता सुधारने और एआई आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने पर भी चर्चा हुई।
साइबर सुरक्षा और सूचना साझाकरण पर जोर
समीक्षा बैठक में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने और रेलवे बोर्ड मुख्यालय तथा विभिन्न जोनों के बीच सुरक्षा समन्वय बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा, सरकारी रेलवे पुलिस और आरपीएफ के बीच सूचना साझा करने की प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई, ताकि सुरक्षा प्रबंधन को अधिक मजबूत बनाया जा सके।
यात्रियों से सहयोग की अपील
रेलवे मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में यात्रियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें।
