भारी बारिश से हिमाचल में जनजीवन अस्त-व्यस्त, 118 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण पूरे राज्य में 118 सड़कें बंद कर दी गई हैं, जबकि स्थानीय मौसम कार्यालय ने सोमवार और मंगलवार को पांच जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
शनिवार शाम से कांगड़ा जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। धर्मशाला में 96.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालमपुर में 55 मिलीमीटर और कांगड़ा में 34.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, मंडी में 48, कुल्लू में 32, चंबा में 11, सिरमौर में आठ, शिमला में सात, कांगड़ा में छह, ऊना में चार और लाहौल-स्पीति में दो सड़कें बंद हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण 216 जलापूर्ति योजनाएं और 19 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।
