भारत को 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी, पुणे में होगा आयोजन

भारत ने 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी की बोली जीत ली है। यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनेल (यूसीआई) का यह प्रतिष्ठित वैश्विक साइकिलिंग आयोजन पहली बार भारत में होगा और पुणे इसकी मेजबानी करेगा। महाराष्ट्र सरकार और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) के संयुक्त प्रयास से पेश की गई इस उम्मीदवारी को भारत सरकार का भी समर्थन मिला।
यूसीआई कांग्रेस में हुई मेजबानी की पुष्टि
पुणे की अंतिम उम्मीदवारी की प्रस्तुति के बाद कनाडा के मॉन्ट्रियल में आयोजित यूसीआई कांग्रेस के दौरान 2032 रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी का फैसला हुआ। महाराष्ट्र सरकार का वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल पुणे की उम्मीदवारी पेश करने के लिए मॉन्ट्रियल में मौजूद था।
नीदरलैंड्स से था पुणे का मुकाबला
कोलंबिया और मेक्सिको के दौड़ से बाहर होने के बाद पुणे और नीदरलैंड्स के ग्रोनिंगन/ड्रेंटे के बीच मेजबानी की दावेदारी रह गई थी। यूसीआई की तीन सदस्यीय जांच टीम ने 4 से 6 सितंबर तक पुणे का दौरा कर प्रस्तावित आयोजन स्थलों और रेस संरचना का मूल्यांकन किया था।
बालेवाड़ी और पुणे यूनिवर्सिटी सर्किट का निरीक्षण
यूसीआई प्रतिनिधिमंडल ने बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी सहित प्रस्तावित रेस रूट, शुरुआत और समापन स्थलों, आवास व्यवस्था और आधिकारिक होटल का जायजा लिया। दोनों फाइनलिस्ट ने 2026 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान मॉन्ट्रियल में अपनी अंतिम बिड प्रस्तुत की।
पुणे के प्रतिनिधिमंडल ने रखी योजना
पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह ने पुणे की मेजबानी के पक्ष में प्रस्तुति दी। इसमें 2032 चैंपियनशिप के आयोजन की तैयारियों और दीर्घकालिक योजना की जानकारी दी गई।
वैश्विक साइक्लिंग का बड़ा आयोजन
यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप दुनिया के प्रमुख साइक्लिंग आयोजनों में शामिल है। 2025 में किगाली में आयोजित चैंपियनशिप में 113 देशों के 734 राइडर्स ने हिस्सा लिया था। आयोजन को करीब 20 लाख दर्शकों ने देखा, जबकि दुनियाभर में लगभग 30 करोड़ लोगों ने इसका टेलीविजन प्रसारण देखा।
साइक्लिंग के विकास का अवसर
2032 की चैंपियनशिप भारत के लिए एथलीट विकास, खेल बुनियादी ढांचे, जनभागीदारी और तकनीकी विशेषज्ञता को बढ़ावा देने का अवसर होगी। इसके साथ भारत में अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइक्लिंग आयोजन और खेल आयोजनों के लिए आधारभूत ढांचे को विकसित करने में भी मदद मिल सकती है।
यूसीआई अध्यक्ष ने की भारत की सराहना
यूसीआई अध्यक्ष डेविड लैपर्टिएंट ने कहा कि पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने यूसीआई प्रबंधन समिति को बजाज पुणे ग्रैंड टूर पर दी गई प्रस्तुति से उत्साहित किया। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग नए क्षेत्रों में विकसित हो रही है और भारत में इस खेल के भविष्य के लिए हितधारकों की प्रतिबद्धता और उत्साह महत्वपूर्ण है।
पुणे को वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद
जितेंद्र डूडी ने कहा कि यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी पुणे के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ साइक्लिंग रेस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पुणे और भारत को अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग के प्रमुख मंच पर लाएगा। इससे एलीट खेल, जनभागीदारी, वैश्विक प्रसारण, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को एक साथ बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भारतीय साइक्लिंग के लिए दीर्घकालिक योजना
मनिंदर पाल सिंह ने कहा कि चैंपियनशिप की मेजबानी भारतीय साइक्लिंग को सिर्फ भागीदारी से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन और आयोजन क्षमता विकसित करने का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि 2032 तक एथलीटों, कोचों और तकनीकी अधिकारियों के लिए मजबूत रास्ते तैयार करने, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता भारत में लाने और भारतीय राइडर्स को खेल के उच्चतम स्तर का अनुभव देने पर ध्यान दिया जाएगा।
