प्रेमिका के लिए अनिल से बना दानिश, फिर उसी प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार
नवी मुंबई :
प्रेमिका द्वारा नजरअंदाज किए जाने से नाराज एक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। यह घटना नेरुल रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में स्थित बस स्टॉप के पास हुई। मृत युवती की पहचान सादिया शेख के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम दानिश अंसारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जानकारी एसीपी संदेश नायक ने दी।
पुलिस के अनुसार, सादिया और दानिश के बीच पिछले चार वर्षों से दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि दानिश ने सादिया के लिए धर्म परिवर्तन कर अपना नाम अनिल से दानिश रखा था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से सादिया उसे नजरअंदाज कर रही थी, जिससे वह नाराज था। 20 अक्टूबर को सादिया के नेरुल आने की जानकारी मिलने के बाद दानिश ने उसका पीछा किया।
बस स्टॉप के पास हुआ विवाद
नेरुल रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में स्थित बस स्टॉप के पास दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान दानिश ने सादिया पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सादिया को उपचार के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी।
घनसोली से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की। इसके बाद दानिश अंसारी को घनसोली में उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
बाईट:- सहायक पोलिस आयुक संदेश नाईक
