नेरूल में कबाड़ की दुकान की आड़ में चल रहा था ड्रग्स का कारोबार, NMMC और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
सीवूड रेलवे स्टेशन के पास सेक्टर 28 में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री का भंडाफोड़, दुकान हटाकर कबाड़ जब्त
नवी मुंबई | नेरूल:
नवी मुंबई के नेरूल इलाके में सीवूड रेलवे स्टेशन के पास सेक्टर 28 में कबाड़ के कारोबार की आड़ में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री का चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू राठोड़ नामक व्यक्ति इस स्थान पर कबाड़ का व्यवसाय करता था। उसके खिलाफ NDPS Act के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं और वह वर्तमान में जेल में बंद है।
बताया जा रहा है कि उसकी गैरमौजूदगी में उसकी पत्नी द्वारा उसी स्थान पर कबाड़ के धंधे की आड़ में अवैध रूप से मादक पदार्थों का कारोबार जारी रखा जा रहा था।
इस सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) के साथ समन्वय स्थापित किया और संबंधित स्थान पर संयुक्त कार्रवाई की।
आज हुई इस कार्रवाई के दौरान उक्त कबाड़ की दुकान को पूरी तरह हटाया गया और मौके पर मौजूद सभी कबाड़ सामग्री को टेम्पो में भरकर डंपिंग ग्राउंड भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई वपोनि संदीप निगडे के मार्गदर्शन में की गई। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

