नासिक: पंचवटी पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी करने वाली अंतरराज्यीय महिला गैंग गिरफ्तार; 2.56 लाख रुपये का माल बरामद
नासिक: पंचवटी पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी करने वाली अंतरराज्यीय महिला गैंग गिरफ्तार; 2.56 लाख रुपये का माल बरामद
नासिक शहर के पंचवटी पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा ने चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 लाख 56 हजार 300 रुपये का चोरी का माल और नकदी बरामद की है।
पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के निर्देश पर बाजार क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पंचवटी पुलिस की अपराध जांच टीम ने मार्केट यार्ड क्षेत्र में हुई चोरी के मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान जया किशोर सक्टे (50 वर्ष) और पूर्णिमा किशोर सक्टे (30 वर्ष), दोनों निवासी सतगुरु कॉलोनी, जिला देवास (मध्य प्रदेश) के रूप में बताई। दोनों ने पूछताछ में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तोले का सोने का मंगलसूत्र, 6 हजार रुपये नकद तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया। कुल बरामद माल की कीमत 2,56,300 रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान आरोपियों ने पंचवटी पुलिस स्टेशन में दर्ज दो चोरी के मामलों का खुलासा भी किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अन्य जिलों और राज्यों में दर्ज इसी तरह की चोरी की घटनाओं से भी आरोपियों का संबंध खंगाल रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पंचवटी पुलिस स्टेशन की अपराध जांच टीम ने की। मामले की आगे की जांच जारी है।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
