नासिक के गोदावरी नदी मे चार लोग डूबे
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
एक की मौत तीन लोगो राहत एवं बचाव कार्य टीम ने बचाया रामकुंड में 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत; घाटकोपर से दर्शन के लिए आए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नासिक : घाटकोपर से शिर्डी, शनि शिंगणापुर, वणी और नासिक दर्शन के लिए आए एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। नासिक के पवित्र रामकुंड में स्नान करते समय 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से दर्शन के लिए आए पूरे परिवार में शोक की लहर है।
मृतक बच्चे की पहचान गोपाळ गुप्ता (11) के रूप में हुई है। वह घाटकोपर का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, करीब 40 श्रद्धालुओं का समूह ट्रैवल्स बस से दर्शन यात्रा के लिए नासिक आया था। सुबह तपोवन क्षेत्र में दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु रामकुंड पहुंचे। इसी दौरान गोपाळ अपने तीन ममेरे भाइयों के साथ रामकुंड में स्नान करने के लिए पानी में उतरा।
पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण गोपाळ अचानक डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों को शुरुआत में लगा कि वह मजाक कर रहा है। लेकिन काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं आया, तो बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और वहां मौजूद जीवनरक्षकों ने तुरंत पानी में छलांग लगाकर गोपाळ की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसे बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना से दर्शन के लिए नासिक आए पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंचवटी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
