नवी मुंबई मनपा अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
ऐरोली, तुर्भे और वाशी अस्पतालों का आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने किया निरीक्षण
नवी मुंबई । नवी मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में मनपा प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने ऐरोली स्थित राजमाता जिजाऊ अस्पताल, तुर्भे माता-बाल अस्पताल तथा वाशी सार्वजनिक अस्पताल का दौरा कर विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार, अतिरिक्त शहर अभियंता अरविंद शिंदे, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश म्हात्रे, उपआयुक्त डॉ. अजय गडदे, उपआयुक्त स्मिता काळे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ऐरोली स्थित राजमाता जिजाऊ अस्पताल में ईएनटी, ऑर्थो, डेंटल जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ भविष्य में इन्फर्टिलिटी और गैस्ट्रोलॉजी उपचार सुविधाएं शुरू करने के निर्देश आयुक्त ने दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर उपलब्ध हैं, लेकिन पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने के लिए त्वरित योजना बनाकर समयबद्ध तरीके से अमल किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मरीजों से संवाद भी किया। सोनोग्राफी विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण महिलाओं को अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा था, जिस पर उन्होंने स्टाफ बढ़ाने के निर्देश दिए। अस्पताल में मौजूद पांच अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का पूर्ण क्षमता से उपयोग सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।
रोगियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि मरीजों के डाइट प्लान के अनुसार नाश्ता और भोजन का साप्ताहिक समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरीजों को कम समय में केस पेपर उपलब्ध कराने और उनका मेडिकल रिकॉर्ड तुरंत प्राप्त हो सके, इसके लिए अस्पतालों में डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने ऐरोली अस्पताल में अगले 15 दिनों के भीतर ब्लड बैंक शुरू करने तथा तीनों मनपा अस्पतालों में मिल्क बैंक सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं में एनीमिया और कम वजन वाले बच्चों के जन्म के बढ़ते मामलों का अध्ययन कर आवश्यक उपाययोजनाएं लागू करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान वाशी सार्वजनिक अस्पताल में जल्द शुरू होने जा रही एमआरआई सुविधा का भी निरीक्षण किया गया। अत्याधुनिक थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से नागरिकों को मस्तिष्क, हृदय, नसों, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की जांच रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। निजी अस्पतालों में 15 हजार रुपये से अधिक खर्च वाली यह जांच अब मनपा अस्पताल में सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी।
आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने कहा कि समाज की जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मनपा की जिम्मेदारी है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को अधिक सक्रिय एवं परिणामकारी तरीके से कार्य करना होगा।

