नवी मुंबई ठाणे में लगातार तीन दिनों की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
ठाणे: ठाणे जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कुछ ही घंटों की तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़कें नालों में तब्दील हो गईं।
शीळफाटा-मुंब्रा मार्ग पर कमर तक पानी भर जाने से सड़क किनारे खड़े कई वाहन लगभग डूब गए, जबकि कई गाड़ियां बीच रास्ते में बंद पड़ गईं। जलभराव के कारण इस मार्ग पर यातायात लगभग पूरी तरह ठप हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, ठाणे के दिवा इलाके में भी भारी बारिश के चलते कई निचले क्षेत्रों के घरों और सड़कों में पानी घुस गया है। इससे स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
पिछले कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश के कारण दिवा, मुंब्रा और शीळफाटा क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
