मुंबई सेंट्रल रेलवे RPF द्वारा महापरेड एवं सुरक्षा सामग्री वितरण का आयोजन
मुंबई, 16 मई 2025 – वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में आज मुंबई सेंट्रल रेलवे डिवीजन की ओर से मुलुंड स्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) परेड लाइन ग्राउंड में एक भव्य महापरेड एवं सुरक्षा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह आयोजन सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक चला, जिसकी शुरुआत भव्य परेड से हुई। परेड लगभग एक घंटे तक चली, जिसमें मुंबई डिवीजन के सभी सहायक सुरक्षा आयुक्त, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, तथा सहायक निरीक्षक अपने-अपने स्टाफ के साथ शामिल हुए।
परेड के बाद सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री का वितरण वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला द्वारा स्वयं किया गया। इस अवसर पर मुंबई डिवीजन के पांचों सहायक सुरक्षा आयुक्त, 32 निरीक्षक, 21 उपनिरीक्षक, एवं 32 सहायक निरीक्षक सहित कुल 359 जिम्मेदार रेल कर्मियों ने सहभागिता निभाई।
इस आयोजन का उद्देश्य RPF कर्मियों की तत्परता, अनुशासन, तथा सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करना था, ताकि यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ की जा सके।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री ऋषि कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों एवं जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता और समर्पण ही यात्रियों के विश्वास की आधारशिला है।”