नवी मुंबई के सानपाड़ा में भीषण आग से मचा हड़कंप! सप्तशृंगी ऑयल कंपनी का गोदाम आग की चपेट में, धमाकों की आवाज से दहला इलाका
नवी मुंबई: सानपाड़ा में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सेक्टर-18 स्थित सप्तशृंगी ऑयल कंपनी के गोदाम में भीषण आग लग गई। प्लॉट नंबर 38 पर मैपको मार्केट के पीछे स्थित इस गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग के दौरान लगातार हो रहे धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
गोदाम में तेल और कोल्ड स्टोरेज होने के कारण आग तेजी से फैलने की जानकारी सामने आई है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया। ऐरोली, कोपरखैरने, वाशी, नेरुल और सीबीडी बेलापुर के अग्निशमन केंद्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी युद्धस्तर पर प्रयास कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। गोदाम में आग लगने का कारण और इस घटना में हुए नुकसान का विवरण अभी सामने नहीं आया है। आग की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
