भारतीय नौसेना की हाफ मैराथन में उमड़ा जनसैलाब, 22,500 धावकों ने लिया हिस्सा
20 देशों के 59 विदेशी धावक भी हुए शामिल; नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने 21 किलोमीटर दौड़ में लिया हिस्सा
मुंबई : भारतीय नौसेना की ओर से आयोजित नौवीं ‘इंडियन ऑयल वेस्टर्न नेवल कमांड (WNC) नेवी हाफ मैराथन-2026’ में रविवार, 22 नवंबर को खेल और फिटनेस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुंबई के क्रॉस मैदान से आयोजित इस भव्य आयोजन में कुल 22,500 धावकों ने हिस्सा लिया। इनमें 20 विदेशी देशों के 59 धावक भी शामिल रहे।
नौसेना सप्ताह के तहत आयोजित यह हाफ मैराथन भारतीय नौसेना की जनसंपर्क और आउटरीच गतिविधियों का एक प्रमुख आयोजन बन चुकी है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों और नौसेना के बीच आपसी जुड़ाव, भाईचारे, देशभक्ति और फिटनेस की भावना को मजबूत करना है।
वर्ष 2016 में शुरुआत के बाद से इस मैराथन ने देश की प्रमुख दौड़ प्रतियोगिताओं में अपनी खास पहचान बनाई है। इसे वर्ल्ड एथलेटिक्स फेडरेशन की ओर से रोड रेस लेबल की मान्यता भी प्राप्त है। यह मान्यता आयोजन के उच्च स्तरीय प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित रूट की सटीकता को दर्शाती है।
तीन श्रेणियों में आयोजित हुई प्रतियोगिता
मुख्य प्रतियोगिता से पहले 19 से 21 नवंबर तक रेस एक्सपो का आयोजन किया गया, जहां प्रतिभागियों को रेस किट वितरित की गईं। इस दौरान भारतीय नौसेना के बैंड की प्रस्तुति के साथ धावकों को फिटनेस विशेषज्ञों और अन्य प्रतिभागियों से बातचीत का अवसर भी मिला।
मुख्य मैराथन तीन श्रेणियों में आयोजित की गई। इसमें 21 किलोमीटर की ‘एयरक्राफ्ट कैरियर रन’, 10 किलोमीटर की ‘डिस्ट्रॉयर रन’ और 5 किलोमीटर की ‘फ्रिगेट रन’ शामिल थीं।
पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय वत्सायन ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और आयोजन के प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाई।
नौसेना प्रमुख ने भी दौड़ लगाकर दिया फिटनेस का संदेश
इस आयोजन का खास आकर्षण नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन रहे, जिन्होंने 21 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेकर अन्य धावकों के साथ कदम से कदम मिलाया। उनके इस प्रयास ने फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया।
तीनों श्रेणियों में भारतीय धावकों का दबदबा
मजबूत अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के बावजूद तीनों श्रेणियों के सभी पोडियम स्थान भारतीय धावकों ने अपने नाम किए।
पुरुष वर्ग में 21 किलोमीटर दौड़ में दिनेश, 10 किलोमीटर में आदेश यादव और 5 किलोमीटर में विशाल कनोजिया ने पहला स्थान हासिल किया।
वहीं महिला वर्ग में 21 किलोमीटर में छत्रु छत्रु, 10 किलोमीटर में शिवानी और 5 किलोमीटर में सोम्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वाइस एडमिरल संजय वत्सायन और भारतीय सेना एवं नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने विजेता धावकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर इंडियन ऑयल, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आईडीबीआई बैंक और न्यू इंडिया एश्योरेंस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एशियन गेम्स-2026 में देश का गौरव बढ़ाने वाले नौसेना के प्रतिष्ठित खेल खिलाड़ियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय नौसेना केवल समुद्री सुरक्षा ही नहीं, बल्कि खेल, फिटनेस और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
