पश्चिम एशिया संकट के बावजूद भारत की आर्थिक रफ्तार बरकरार: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पश्चिम एशिया संकट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी नहीं हुई है। देश की आर्थिक विकास दर करीब 7.8% बनी हुई है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने बुधवार को जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए यह बात कही।
पश्चिम एशिया संकट के बावजूद अर्थव्यवस्था मजबूत
राजनाथ सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल की आपूर्ति में कई तरह की चुनौतियां सामने आ रही हैं। इस मार्ग से तेल टैंकरों का गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। इसके बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था की रफ्तार पर इसका असर नहीं पड़ने दिया है। उन्होंने इसे देश की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
साढ़े 12 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 12 वर्षों में भारत ने करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि पहले वह इस आंकड़े को 25 करोड़ बताते थे, लेकिन विभिन्न अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के आंकड़ों के आधार पर यह संख्या बढ़कर करीब 50 करोड़ हो गई है। उन्होंने गरीबों के लिए आवास, शौचालय निर्माण और घरों तक पाइप के जरिए पेयजल पहुंचाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
डीबीटी से लाभार्थियों तक पहुंच रही पूरी सरकारी सहायता
राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली सहायता का बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था और पूरी राशि जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाती थी। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका और सरकारी धन के रिसाव की गुंजाइश कम हुई है।
यूपीआई से अक्टूबर में 31.53 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन
रक्षा मंत्री ने भारत की डिजिटल भुगतान व्यवस्था की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अक्टूबर में यूपीआई के माध्यम से 31.53 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था ने लेनदेन को पारदर्शी बनाया है और इसमें धन के रिसाव की गुंजाइश नहीं रहती।
विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 700 अरब डॉलर पहुंचा
राजनाथ सिंह ने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 700 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। उन्होंने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण संकेत बताया।
रक्षा निर्यात बढ़कर 40 हजार करोड़ रुपए हुआ
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने रक्षा उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि जब केंद्र सरकार ने कार्यभार संभाला था, उस समय देश का रक्षा निर्यात करीब 600 से 900 करोड़ रुपए था, जो अधिकतम 1,200 करोड़ रुपए तक पहुंचता था। आज भारत करीब 40,000 करोड़ रुपए के हथियारों और अन्य रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का रक्षा उत्पादन भी पहले के करीब 40,000 से 46,000 करोड़ रुपए के स्तर से बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।
ऑपरेशन सिंदूर में तीनों सेनाओं ने दिखाई क्षमता
राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की क्षमताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि तीनों सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी ताकत और क्षमता का प्रदर्शन किया।
भारतीय समुदाय से संवाद कर जताया आभार
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने टोक्यो में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात और संवाद का अवसर देने के लिए कार्यक्रम के आयोजकों का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों के सवालों के जवाब भी दिए।
