नवी मुंबई-डोंबिवली का सफर होगा आसान
*ऐरोली-काटई नाका एलिवेटेड रोड एक महीने में होगा शुरू*
15 मिनट में ऐरोली से काटई नाका पहुंचने का दावा; मुलुंड-ऐरोली पुल से मुंब्रा तक सीधा कनेक्शन
नवी मुंबई। नवी मुंबई और डोंबिवली के बीच सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ऐरोली-काटई नाका एलिवेटेड रोड परियोजना के पहले और दूसरे चरण का काम 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब केवल रंगरोगन और अन्य सजावटी कार्य बाकी हैं। इन कामों के पूरा होने के बाद लोड टेस्टिंग की जाएगी और करीब एक महीने के भीतर दोनों चरणों को यातायात के लिए खोलने की योजना है।
एमएमआरडीए के अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग के शुरू होने के बाद ऐरोली से काटई नाका का सफर करीब 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे नवी मुंबई से डोंबिवली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को महापे, शिलफाटा और कल्याण फाटा क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
12.71 किमी लंबा है प्रोजेक्ट
नवी मुंबई और डोंबिवली के बीच दूरी और यात्रा का समय कम करने के उद्देश्य से एमएमआरडीए ने करीब 12.71 किलोमीटर लंबे ऐरोली-काटई नाका एलिवेटेड रोड का निर्माण शुरू किया है। परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जा रहा है।
पहले चरण में ठाणे-बेलापुर रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-4 तक करीब 3.43 किलोमीटर का मार्ग शामिल है। इसमें करीब 1.69 किलोमीटर लंबी डबल टनल और करीब 0.94 किलोमीटर एलिवेटेड रोड का हिस्सा है।
30 से 45 मिनट तक बचेगा यात्रा का समय
इस परियोजना के पूरी तरह शुरू होने के बाद ऐरोली से डोंबिवली के बीच यात्रा की दूरी करीब 10 किलोमीटर कम होने का दावा किया गया है। वहीं, यात्रा में लगने वाला समय करीब 30 से 45 मिनट तक कम हो सकता है।
पहले और दूसरे चरण के काम में विभिन्न कारणों से लंबे समय तक देरी हुई। दोनों चरण पहले ही यातायात के लिए शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन परियोजना में हुई देरी के चलते वाहन चालकों को इसका लाभ नहीं मिल सका। अब दोनों चरणों का काम पूरा होने के बाद इन्हें जल्द शुरू करने की तैयारी है।
मुलुंड-ऐरोली पुल से मुंब्रा तक सीधा कनेक्शन
पहले और दूसरे चरण के शुरू होने के बाद मुलुंड-ऐरोली पुल और मुंब्रा के बीच सीधा कनेक्शन उपलब्ध होगा। इससे नवी मुंबई, ठाणे और डोंबिवली की ओर जाने वाले यातायात को नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।
तीसरे चरण का काम भी शुरू
परियोजना के तीसरे चरण का काम भी शुरू हो चुका है। करीब 6.71 किलोमीटर लंबे इस चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग-4 से काटई नाका यानी कल्याण-शिल रोड तक का मार्ग बनाया जा रहा है। इसमें तीन-तीन लेन का मुख्य वायाडक्ट और एक सर्विस रोड शामिल है।
तीसरे चरण को अक्टूबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने के बाद पूरी परियोजना यातायात के लिए उपलब्ध होगी और नवी मुंबई-डोंबिवली के बीच यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है।एक महीने में पहले दो चरण शुरू होने से ऐरोली, मुलुंड, मुंब्रा, डोंबिवली और कल्याण क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
