ब्रेकिंग न्यूज रामपुर यूपी।
रामपुर-पुलिया टूटने से बाधित हुआ संपर्क मार्ग, नाव से भैया नगला पहुंचे डीएम और विधायक।
रामपुर/लगातार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सदर विधायक आकाश सक्सेना के साथ नाव के माध्यम से ग्राम भैया नगला पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिया टूट जाने के कारण गांव का एक संपर्क मार्ग बाधित हो गया था, जिसके बाद डीएम और विधायक ने मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
नाव के जरिए गांव पहुंचे जिलाधिकारी और विधायक ने ग्रामीणों से सीधे मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने आवागमन समेत अपनी अन्य समस्याओं और जरूरतों से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
वैकल्पिक मार्ग से जारी है आवागमन
प्रशासन के मुताबिक पुलिया टूटने के कारण एक संपर्क मार्ग फिलहाल बाधित हुआ है, लेकिन ग्रामीणों के आवागमन के लिए मनकरा की ओर से होकर जाने वाला वैकल्पिक संपर्क मार्ग उपलब्ध है। यह मार्ग वर्तमान में संचालित है और ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग को लेकर भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ग्रामीणों से लगातार संपर्क में प्रशासन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में किसी भी प्रकार की आवश्यकता सामने आने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की टीमें ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और जलभराव तथा क्षतिग्रस्त मार्ग की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव के लिए अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके आवागमन और आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना है।
बाइट- अजय कुमार द्विवेदी/ जिलाधिकारी रामपुर।
रिपोर्टर परवेज़ अली रामपुर यूपी,,9359324086
