नवी मुंबई | राहुल गांधी देश में भ्रम और संभ्रम पैदा कर रहे हैं, गिरिराज सिंह का आरोप
नवी मुंबई में केंद्रीय वस्त्र उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। नवी मुंबई स्थित टेक्स्टाइल रिकवरी सेंटर का दौरा कर जायजा लेने पहुंचे गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में भ्रम और संभ्रम पैदा कर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा नवी मुंबई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘जेन-जी’ युवाओं से संवाद किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि फडणवीस युवाओं के साथ सकारात्मक और रचनात्मक संवाद के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सही मार्गदर्शन देना जरूरी है।
राहुल गांधी की राजनीति पर हमला बोलते हुए गिरिराज सिंह ने उन पर विदेशी ताकतों के प्रभाव में राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “उनका टूल विदेशी है, मेरा टूल स्वदेशी है।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश को गलत दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा की अनिवार्यता का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा का सम्मान और उसका ज्ञान समाज तथा प्रशासनिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।
