ठाणे जनपद अंतर्गत भिवंडी मठ पर भजन संध्या, सुंदरकांड, सामूहिक हनुमान चालीसा एवं वैदिक हवन के साथ मनाया गया बागेश्वर सरकार पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का जन्मोत्सव
बता दें कि 4 जुलाई 2026 को बागेश्वर धाम सनातन मठ, भिवंडी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी का जन्मोत्सव शनिवार, 4 जुलाई 2026 को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। भारी बारिश के बावजूद भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एकत्र हुई और बड़ी संख्या में भक्तों, शिष्य मंडल एवं सनातन प्रेमियों ने सहभागिता कर गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त किया।
कार्यक्रम मंदिर के प्रमुख पुजारी श्री रवि महाराज, आचार्य पंकज त्रिपाठी एवं श्री लव कुश महाराज के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में श्री कमलेश तिवारी, श्री राम सिंह जी, श्री रमेश विश्वकर्मा जी, श्री क्रांति सिंह , श्री सूरज शुक्ला जी, श्री धर्मेंद्र दुबे जी, श्रीमती कविता अग्रवाल जी, अन्नपूर्णा के प्रमुख सुशील महाराज, अन्नपूर्णा के समस्त सक्रिय शिष्य मंडल तथा बागेश्वर धाम महाराष्ट्र सेवा समिति के सभी शिष्य मंडलों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य भजन संध्या, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं सुंदरकांड का आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस अवसर पर 1001 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे संपूर्ण परिसर दिव्य प्रकाश से आलोकित हो उठा।
इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत हवन-पूजन संपन्न कराया गया। हवन के माध्यम से परम पूजनीय गुरुदेव महाराज के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु, सनातन धर्म के उत्थान, राष्ट्र की समृद्धि तथा भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के संकल्प की सिद्धि हेतु विशेष प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
