नवी मुंबई ब्रेकिंग | बेलापुर गांव में जर्जर इमारत की बालकनी गिरी, बड़ा हादसा टला
नवी मुंबई: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बेलापुर गांव स्थित एक जर्जर इमारत की बालकनी अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, इमारत काफी समय से जर्जर अवस्था में थी, इसके बावजूद उसमें कई परिवार रह रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण इमारत का कमजोर हिस्सा ढह गया और बालकनी गिर पड़ी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित प्रशासन को दी। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बालकनी में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद एक बार फिर नवी मुंबई की जर्जर इमारतों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसी इमारतों का तत्काल सर्वे कराकर उन्हें खाली कराने और वहां रहने वाले लोगों के सुरक्षित पुनर्वास की मांग की है।
