नवी मुंबई खारघर स्थित पांडवकड़ा वॉटरफॉल में दो युवक तेज बहाव में बहे, सर्च ऑपरेशन जारी
नवी मुंबई।खारघर स्थित प्रसिद्ध लेकिन खतरनाक पांडवकड़ा वॉटरफॉल में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक तेज पानी के बहाव में बह गए। दोनों की तलाश के लिए अग्निशमन दल और बचाव टीमों द्वारा युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों का पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार तलोजा फेज-1 के सागरविहार बिल्डिंग, जनता गैरेज के पास रहने वाले मोहम्मद मोबशीर मोहम्मद शाहिद (20 ) पांडवकड़ा क्षेत्र में पानी के तेज बहाव में बह गए।
वहीं दूसरी घटना में मुंबई के सांताक्रूज (कलीना) स्थित कोबाविरी विलेज निवासी शेन्नोन गैस्पर किनी (19 ) वॉटरफॉल के तेज बहाव में बह गए।
मानसून के दौरान पांडवकड़ा वॉटरफॉल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण यह क्षेत्र बेहद खतरनाक माना जाता है। इसके बावजूद कई लोग चेतावनी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर जोखिम उठाते हैं।प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान वॉटरफॉल, नदी और अन्य जलस्रोतों के पास जाने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
