खदान में मिट्टी का ढेर सड़क पर आया, वाहन दबा; कार्रवाई की मांग
नवी मुंबई।थाने बेलापुर एमआईडीसी के तुर्भे स्थित एक पत्थर खदान में मिट्टी भराई के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है। भराई कार्य के दौरान मिट्टी का एक बड़ा ढेर कंपाउंड की दीवार पार कर सीधे सड़क पर आ गिरा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस घटना में सड़क किनारे खड़ी एक आर्माडा गाड़ी मिट्टी के ढेर के नीचे दब गई। सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और मशीनों की मदद से वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय नागरिकों और कंपनी संचालकों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया है कि संबंधित पक्ष द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई। साथ ही, खदान क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध कार्यों पर प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

