पीएम मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पर सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं, पत्र लिखकर जताया आभार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल को राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उनके नेतृत्व की सराहना की और उत्तर प्रदेश की ओर से शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पत्र साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के सफलतम कार्यकाल पर उन्हें समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि यह गौरव का अवसर है और उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व तथा सतत मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था के अद्भुत संगम के रूप में उभरा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र ने देश के विकास को नई दिशा, नई गति और नया विश्वास प्रदान किया है। उनके नेतृत्व में राष्ट्र ने सेवा, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगभग 65 लाख परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी किसान हितैषी योजनाओं ने कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में भी प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मिशन रोजगार के तहत नौ लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। वहीं कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। निवेश आधारित औद्योगिक विकास, एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
पत्र में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत (आरआरटीएस), पूर्वी एवं पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं और विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे नेटवर्क ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। स्मार्ट सिटी मिशन, नए हवाई अड्डों, मेट्रो परियोजनाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और औद्योगिक कॉरिडोर के विकास ने निवेश, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को गति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में कानून के शासन को मजबूती मिली है। आज प्रदेश माफिया-मुक्त, दंगा-मुक्त और भयमुक्त वातावरण की पहचान बना रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश-अनुकूल माहौल के कारण उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में शामिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और बेरोजगारी दर में भी बड़ी कमी आई है। उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
ख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र के अंत में विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा और राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देगा।
