रामपुर में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरादाबाद की उड़नदस्ता टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
टीम ने उनके कब्जे से 250 से अधिक प्रतिबंधित तोते बरामद किए हैं, जिन्हें अवैध रूप से पकड़कर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, ये तोते रामपुर के पीपली वन क्षेत्र से पकड़े गए थे। उड़नदस्ता टीम ने मिलक खानम-स्वार रोड पर छापेमारी कर नरपत नगर निवासी दूल्ला और मुरादाबाद निवासी फैसल को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से जंगलों से तोते पकड़कर उनकी तस्करी करते थे और उन्हें दुकानों तथा बाजारों में बेचते थे।
गौरतलब है कि भारतीय वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत तोतों की खरीद-फरोख्त और उन्हें कैद में रखना प्रतिबंधित है। इस मामले में थाना मिलक खानम में भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच में इस गोरखधंधे से जुड़े अन्य तस्करों की भी तलाश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर सक्रिय एक बड़ा नेटवर्क जंगलों से पक्षियों को पकड़कर अवैध व्यापार को अंजाम दे रहा था।
रिपोर्ट – परवेज़ अली रामपुर यूपी,,
