रामपुर-बिलासपुर में कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, पूर्व विधायक संजय कपूर ने भैंसा गाड़ी पर बैठकर जताया विरोध
रामपुर (उत्तर प्रदेश)। रामपुर-बिलासपुर तहसील में कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय कपूर के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भैंसा गाड़ी पर बैठकर विरोध जताया और राष्ट्रपति से केंद्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से वोट लेकर उन्हें ठगने का काम किया है और “अच्छे दिनों” के झूठे आश्वासन दिए गए थे। नेताओं ने कहा कि आज देश में महंगाई चरम पर है, जिसमें गैस, बिजली, डीजल और पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। इसी को लेकर पूर्व विधायक संजय कपूर के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन रामपुर तहसील की सड़कों पर जोरदार तरीके से किया गया।
बाद में प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन बिलासपुर तहसीलदार के माध्यम से भेजा।
