नासिक में बहुराष्ट्रीय कंपनी से जुड़े महिला उत्पीड़न मामले में चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
नासिक : नासिक शहर की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत महिलाओं के साथ कथित रूप से छेड़छाड़, लैंगिक अत्याचार, धर्मांतरण के प्रयास तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में पुलिस आयुक्तालय नासिक शहर के अंतर्गत देवळाली कैंप और मुंबई नाका पुलिस थानों में दर्ज कुल 9 अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया था।
देवळाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराध क्रमांक 196/26 में पुलिस ने आरोपी दानिश एजाज शेख, तौसीफ बिलाल अत्तार, निदा एजाज खान तथा मितिन मस्जिद पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और अत्याचार प्रतिबंधक अधिनियम के तहत करीब 1700 पन्नों का दोषारोप पत्र विशेष न्यायालय नासिक में दाखिल किया है।
पुलिस जांच में पीड़िताओं के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल और व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट, ईमेल ट्रेल, धर्मांतरण और नाम बदलने से जुड़े दस्तावेज सहित कई डिजिटल और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। इसके अलावा बैंक स्टेटमेंट, जाति प्रमाणपत्र, घटनास्थल पंचनामा, उपयोग किए गए वाहन और पहचान परेड जैसी प्रक्रियाएं भी जांच का हिस्सा रही हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में मिले ठोस सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे भी पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी। वहीं मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज अन्य 8 मामलों की जांच भी अंतिम चरण में है और नियमानुसार आरोप पत्र न्यायालय में पेश किए जाएंगे।
सभी आरोपियों की जमानत अर्जी न्यायालय द्वारा खारिज कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष और कड़ी जांच आगे भी जारी रहेगी।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
