रामपुर/प्रतिबंधित मांगुर मछली के पालन और बिक्री के खिलाफ मत्स्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
हकीमगंज गांव स्थित एक तालाब से लगभग एक कुंतल मांगुर मछली बरामद कर नष्ट कर दी गई।
तालाब के मालिक वसीम और मौजूदा ग्राम प्रधान पति रशीद हाजी को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिला मत्स्य अधिकारी प्रशांत गंगवार ने थाना अजीमनगर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ तहसील सदर क्षेत्र के हकीमगंज गांव में यह छापामार कार्रवाई की। विभाग को सूचना मिली थी कि इस तालाब में प्रतिबंधित मांगुर मछली का पालन किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और तालाब की जांच की। कार्रवाई के दौरान जाल की मदद से तालाब से करीब एक कुंतल मांगुर मछली बाहर निकाली गई। इसके बाद तालाब के किनारे गड्ढा खोदकर बरामद मछलियों पर नमक डालकर उनका विनष्टीकरण किया गया।
जिला मत्स्य अधिकारी प्रशांत गंगवार ने बताया कि मांगुर मछली का पालन, परिवहन और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह मछली अत्यधिक मांसाहारी होती है और तालाबों व जलाशयों में मौजूद अन्य जलीय जीवों को भी अपना शिकार बना लेती है, जिससे जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
स्वास्थ्य और पर्यावरणीय कारणों से सरकार ने इस प्रजाति पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।
वही ग्राम प्रधान पति रशीद हाजी को भी नोटिस दिया गया है कि इस तरीके की प्रतिबंधित मछली पालन के कैसे आदेश कर दिए गए इसकी भी जांच ग्राम प्रधान से पूछताछ कर की जा रही है।
रिपोर्टर परवेज़ अली रामपुर यूपी,,
