नवी मुंबई में एफडीए की बड़ी कार्रवाई
प्रतिबंधित रसायनों से पकाए जा रहे आम का जखीरा जब्त
नवी मुंबई ।नवी मुंबई में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। सानपाड़ा स्थित एक गोदाम पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने छापेमारी कर प्रतिबंधित रसायनों के जरिए कृत्रिम रूप से पकाए जा रहे आम और अन्य फलों का भारी जखीरा जब्त किया है।
यह कार्रवाई तुकाराम मुंडे के निर्देश पर की गई। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को गोदाम में बड़ी मात्रा में संदिग्ध रसायन और पहले से पकाए गए फल मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया कि गोदाम में फलों को प्राकृतिक तरीके के बजाय खतरनाक रसायनों की मदद से जल्दी पकाया जा रहा था। एफडीए अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे रसायन मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक होते हैं और इनके सेवन से फूड पॉइजनिंग, पेट की बीमारियां और यहां तक कि कैंसर जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुंबई कृषि उत्पन्न बाजार समिति के फल बाजार में इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है, जहां कृत्रिम रूप से पकाए गए आम का भंडार पकड़ा गया था।
एफडीए आयुक्त का पद संभालने के बाद तुकाराम मुंडे ने राज्यभर में खाद्य सुरक्षा नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग लगातार अभियान चलाकर मिलावटखोरी और अवैध गतिविधियों पर नकेल कस रहा है।
