नवी मुंबईं के सानपाड़ा के होटल में सिलेंडर विस्फोट, दो कामगार घायल; धमाके से आसपास के घरों और कार्यालयों के शीशे टूटे
नवी मुंबई के सानपाड़ा इलाके में मंगलवार को एक होटल में सिलेंडर में जोरदार विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में होटल में काम करने वाले दो कर्मचारी घायल हो गए हैं। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास स्थित घरों और कार्यालयों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
बताया जा रहा है कि विस्फोट की आवाज करीब एक किलोमीटर तक सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का काम शुरू किया। घायल दोनों कामगारों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
विस्फोट किस वजह से हुआ और इसमें गैस रिसाव की क्या भूमिका थी, इसकी जांच पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा की जा रही है। घटना के बाद होटल और आसपास के परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है
