गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर, अमित शाह बोले- 8 दशकों की सेवा और साहस का राष्ट्रीय सम्मान

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पणजी में गोवा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आठ दशकों की गौरवशाली सेवा, साहस, अनुशासन और समर्पण के बाद गोवा पुलिस को मिला यह सम्मान उसकी सेवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। शाह ने कहा कि गोवा पुलिस ने सुरक्षित शहर, सुरक्षित समुदाय और सुरक्षित समुद्री सीमा की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाई है और लंबी तटरेखा की सुरक्षा के साथ पर्यटकों की सुरक्षा तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी अहम योगदान दिया है।
तीनों दायित्वों को सफलतापूर्वक निभाया
अमित शाह ने कहा कि गोवा छोटा, लेकिन रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य के गठन के साथ गोवा पुलिस को सुरक्षित शहर, सुरक्षित समुदाय और सुरक्षित समुद्री सीमा की जिम्मेदारी मिली थी। पुलिस ने इन तीनों दायित्वों को सफलतापूर्वक निभाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
लंबी समुद्री सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका
गृह मंत्री ने कहा कि विकसित राष्ट्र की पहली शर्त उसकी आंतरिक और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होना है। गोवा को आंतरिक सुरक्षा के साथ सीमा सुरक्षा का दायित्व भी मिला है। राज्य की लंबी समुद्री सीमा की रक्षा करते हुए गोवा पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मजबूत अर्थव्यवस्था में योगदान देने का उल्लेखनीय काम किया है।
अमर शहीदों को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान शाह ने कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले गोवा पुलिस के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने विशेष रूप से पुलिसकर्मियों बलराम शिंदे, अभिषेक शेर, शैलेश गांवकर और विश्वास बी. देयकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों के बलिदान और समर्पण ने गोवा पुलिस को यह गौरव दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भारत की कूटनीतिक पहुंच लगातार बढ़ रही
अमित शाह ने कहा कि वैश्विक कूटनीति में भारत की पहुंच लगातार बढ़ रही है। पिछले एक वर्ष में यूक्रेन-रूस युद्ध और खाड़ी क्षेत्र में ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर गंभीर उथल-पुथल रही। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वर्ष में 22 देशों की यात्रा की और करीब 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए। उन्होंने कहा कि अस्थिरता के दौर में भारत ने संवाद और रणनीतिक साझेदारी के जरिए आर्थिक गति बनाए रखी तथा रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, निवेश और व्यापार के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौते किए।
38 देशों के साथ प्रभावी व्यापार व्यवस्था
केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि 2026 तक भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं और 38 देशों के साथ प्रभावी व्यापार व्यवस्था स्थापित हो चुकी है। संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ हुए समझौतों से व्यापार को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि इसका असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी दिख रहा है और इस वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर 7.8% रही।
दुनिया के साथ उपलब्धियां साझा कर रहा भारत
गृह मंत्री ने कहा कि भारत ने केवल आर्थिक क्षेत्र में ही प्रगति नहीं की है, बल्कि वैक्सीन मैत्री, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आपदा राहत और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी दुनिया के साथ अपनी उपलब्धियां साझा की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की कूटनीति ने विश्व मंच पर स्पष्ट स्थान बनाया है।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। यह संकल्प अब 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प बन चुका है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को विश्वास है कि 15 अगस्त 2047 को भारत विश्व में हर क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र होगा।
1930 हेल्पलाइन बनेगी साइबर फ्रॉड के खिलाफ कवच
केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ साइबर फ्रॉड का खतरा भी बढ़ रहा है। आने वाले समय में 1930 हेल्पलाइन हर तरह के साइबर फ्रॉड से देश की सुरक्षा करने वाला सशक्त कवच बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस चुनौती से निपटने के लिए सभी राज्यों के साथ सीधे संवाद की पहल की है।
आठवीं अनुसूची की सभी भाषाओं में शिकायत
गृह मंत्री ने कहा कि गोवा पुलिस ने 1930 हेल्पलाइन के लिए एआई आधारित कॉल एजेंट शुरू किया है। यह कोंकणी, मराठी और हिंदी में शिकायत दर्ज करने के साथ संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में शिकायत दर्ज कर उसे संबंधित स्थान तक पहुंचाने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटकों के आने वाले गोवा में यह पहल दूरदर्शी कदम है।
112 का रिस्पॉन्स टाइम 18 से घटकर 8 मिनट
अमित शाह ने कहा कि गोवा पुलिस ने आपातकालीन सेवा हेल्पलाइन 112 में रिस्पॉन्स टाइम को 18 मिनट से घटाकर केवल 8 मिनट कर दिया है। करीब 20,000 कॉल पर त्वरित सहायता दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि और वाहन तथा दोपहिया साधन जुड़ने के बाद यह समय 6 मिनट से भी कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट पुलिस विंग अधिक पर्यटन वाले अन्य राज्यों के लिए भी आदर्श मॉडल बन सकती है।
खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपील
गृह मंत्री ने कहा कि खेलों में उत्कृष्टता गोवा पुलिस की विशिष्ट पहचान रही है। वर्ष 2029 में भारत में अंतरराष्ट्रीय पुलिस खेल महाकुंभ आयोजित होगा, जिसमें पुलिस और अग्निशमन सेवाओं के खेल भी शामिल होंगे। उन्होंने गोवा पुलिस के जवानों से अभी से तैयारी करने और भारत की पदक तालिका में पीछे न रहने का आह्वान किया। उन्होंने फुटबॉल के साथ अन्य खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन की तैयारी करने को कहा।
नई न्याय संहिताओं से पुलिसिंग का अपग्रेडेशन
अमित शाह ने कहा कि आपराधिक न्याय प्रणाली में व्यापक बदलाव के लिए तीन नई न्याय संहिताएं लागू की गई हैं। इनमें तकनीक, संवेदना, प्राथमिकता और त्वरित न्याय की क्षमता जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। जेल, एफएसएल, न्यायालय, अधिवक्ता, पुलिस थाना और अस्पताल जैसी पूरी व्यवस्था को तकनीक से जोड़कर न्याय प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम है।
नई न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में गोवा दूसरे स्थान पर
केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि गोवा पुलिस कई महीनों तक देशभर में नई न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में प्रथम रही है। वर्तमान में 93.38% प्रगति के साथ गोवा पुलिस पूरे भारत में दूसरे स्थान पर है। सभी नौ मानकों पर उसका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।
सजा दिलाने की दर 23 से बढ़कर 53%
गृह मंत्री ने कहा कि मात्र एक वर्ष में गोवा पुलिस ने सजा दिलाने की दर में 30% की वृद्धि की है। पहले यह दर 23% थी, जो अब बढ़कर 53% हो गई है। उन्होंने इसे गोवा पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उसकी कार्यक्षमता की सराहना की।
2026-29 तक नशामुक्त भारत का रोडमैप
अमित शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय ने नशे के खिलाफ और अधिक सुदृढ़ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 2026 से 2029 तक का रोडमैप तैयार किया गया है। इसके तहत सभी संबंधित विभागों और राज्य सरकारों को साथ लेकर भारत के गांव-गांव और शहर-शहर को नारकोटिक्स से मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
नारकोटिक्स नियंत्रण में गोवा पुलिस से उम्मीद
गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि गोवा पुलिस नशे के खिलाफ अभियान में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस ने आंतरिक सुरक्षा, समुद्री सीमा, पर्यटकों की सुरक्षा और नई न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में प्रभावी काम किया है, उसी तरह नारकोटिक्स नियंत्रण में भी वह उल्लेखनीय भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक, केंद्रीय गृह सचिव, गोवा के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
