एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में बढ़े दाम, बारिश का असर – ₹1800 से ₹2500 क्विंटल तक पहुंची कीमत
नासिक, महाराष्ट्र: एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में प्याज के दामों में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। नासिक जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार तेज बारिश का सीधा असर अब बाजार पर दिखने लगा है।
मंडी में प्याज की आवक घटने के कारण थोक बाजार में कीमतें बढ़कर ₹1800 से ₹2500 प्रति क्विंटल तक पहुंच गई हैं। कुछ जगहों पर ₹2500 प्रति क्विंटल के भाव पर प्याज बिकने की खबर है।
जानकारों के मुताबिक, बारिश से खेतों और सप्लाई चेन पर असर पड़ा है, जिससे मंडियों में प्याज की आवक कम हो गई है। इसके चलते मांग और सप्लाई के बीच अंतर बढ़ गया है और कीमतों में तेजी आई है।
बताया जा रहा है कि बारिश से पहले ही कई किसानों ने अपने प्याज को स्टोर कर लिया था, जिससे बाजार में ताजा माल की कमी हो गई है। यही कारण है कि मंडियों में प्याज की उपलब्धता घट रही है और दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि केरल में मानसून की पूरी तरह दस्तक से पहले नासिक का प्याज ₹3000 प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है, अगर सप्लाई में सुधार नहीं हुआ।
हालांकि हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार नासिक में प्याज उत्पादन पर मौसम का असर पड़ा है और उत्पादन में कमी भी देखी जा रही है, जिससे कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
(नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट)
