आर एस पुरा के कुल्लियां में ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत पुलिस-पब्लिक मीटिंग, नशे के खिलाफ जनता से सहयोग की अपील
डेस्क रिपोर्ट | आर एस पुरा (जम्मू-कश्मीर)
जम्मू-कश्मीर में चल रहे ‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ के तहत रविवार को आर एस पुरा क्षेत्र के मीरां साहब स्थित कुल्लियां में पुलिस-पब्लिक मीटिंग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा तस्करी के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।
इस बैठक में एसपी हेडक्वार्टर जम्मू अन्ना सिन्हा, सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रोफेसर गारु राम भगत, पूर्व मंत्री चौधरी श्यामलाल, एसडीपीओ आर एस पुरा सरदार गुरमीत सिंह, समाजसेवी संसार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समाज को नशे के जाल से मुक्त किया जा सके। अधिकारियों ने नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एसपी हेडक्वार्टर अन्ना सिन्हा और अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार और पुलिस विभाग मिलकर नशा मुक्त समाज बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यह लक्ष्य जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने के लिए हर नागरिक को आगे आकर पुलिस और प्रशासन का सहयोग करना चाहिए, ताकि युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से बचाया जा सके।
